रायपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में किराना दुकान संचालिका से मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़िता सरोज गौतम ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि 24 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 3:40 बजे वह अपनी दुकान पर मौजूद थी। इसी दौरान गांधी नगर निवासी आकाश मंडल वहां पहुंचा और दुकान के गेट पर लात मारने लगा।
शिकायत के अनुसार, सरोज गौतम ने गेट पर लात मारने से मना किया तो आकाश मंडल ने कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची सरोज की सास तारा गौतम के साथ भी मारपीट और गाली-गलौज किए जाने का आरोप है।
मारपीट में सरोज गौतम के बाएं हाथ में चोट आई, जबकि उनकी सास तारा गौतम की दाहिनी कलाई में चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।