हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में नाबालिग प्रेमी युगल की मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह बाग में दोनों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि दोनों ने इंस्टाग्राम पर खुदकुशी से जुड़ा स्टेटस लगाया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मामला अतरौली थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव का है। पुलिस के मुताबिक, गांव के रहने वाले 17 वर्षीय किशोर और 14 वर्षीय किशोरी के बीच कुछ समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी परिजनों को भी हो गई थी। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन नाबालिग होने और अलग-अलग बिरादरी से होने के कारण परिवारों के बीच विरोध की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को दोनों घर से चले गए थे। इसके बाद किशोरी की मां ने किशोर के खिलाफ बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम दोनों ने इंस्टाग्राम पर एक स्टेटस लगाया था, जिसमें अपनी मौत का जिक्र किया गया था। शुक्रवार सुबह कुछ लोगों को इस स्टेटस की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन और ग्रामीण बाग में पहुंचे, जहां दोनों के शव आम के पेड़ से लटके मिले।घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही एएसपी सुबोध गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
परिजनों ने लगाए आरोप, पुलिस कर रही जांच
किशोरी के परिजनों ने किशोर के परिवार पर भी मदद करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले दोनों पक्षों के बीच साथ रहने को लेकर कहासुनी हुई थी। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एएसपी सुबोध गौतम के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने सहित आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।