रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते खारुन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी में पानी लबालब भरने से महादेव घाट का पुल पानी में डूब गया है। खारुन नदी के उफान पर आने से आसपास के इलाकों में भी हलचल बढ़ गई है।
खारुन नदी का यह विकराल रूप देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी महादेव घाट पहुंच रहे हैं। नदी में तेज बहाव और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। महादेव घाट पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों को तैनात किया गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।
प्रशासन की ओर से लोगों से नदी और पुल के आसपास अनावश्यक रूप से जाने से बचने तथा सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की जा रही है। लगातार बारिश के बीच नदी के जलस्तर पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।