सावधान! कार रोकने से पहले सोचें, रायपुर में ‘ऑयल गिर रहा है’ बोलकर चोरी कर रहे बदमाश

रायपुर। राजधानी रायपुर में कार चालकों का ध्यान भटकाकर वाहन के अंदर रखा कीमती सामान चोरी करने का एक नया तरीका सामने आया है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से ऐसे मामलों में सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, बदमाश रास्ते में कार चालक को रोकने के लिए वाहन में ऑयल गिरने, लीकेज होने, टायर में खराबी या कार से आवाज आने जैसे बहाने का इस्तेमाल कर सकते हैं।हाल ही में थाना गंज क्षेत्र में दर्ज एक मामले में इसी तरह की घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार, अज्ञात व्यक्तियों ने कार चालक को बोनट के सामने ऑयल गिरने या लीकेज होने की बात बताकर वाहन रोकने के लिए कहा।

चालक ने कार सड़क किनारे खड़ी कर दी और बोनट की जांच करने तथा कार सर्विसिंग से संबंधित व्यक्ति से संपर्क करने में व्यस्त हो गया।इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने कार के अंदर रखा बैग चोरी कर लिया। बैग में नकदी के अलावा बैंक संबंधी दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामान रखा हुआ था। घटना के बाद पुलिस ने इस तरीके को लेकर वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने कहा है कि यदि रास्ते में कोई अनजान व्यक्ति अचानक कार रोककर “ऑयल गिर रहा है”, “कार से आवाज आ रही है” या “टायर में कुछ समस्या है” जैसी बात कहता है तो तत्काल सतर्क हो जाएं।कार चालक को वाहन से बाहर निकलने से पहले कार के अंदर रखे कीमती सामान को सुरक्षित अपने पास रखने की सलाह दी गई है। यदि सामान कार में ही रखना जरूरी हो तो वाहन को लॉक करने के बाद ही बाहर निकलें।पुलिस ने यह भी अपील की है कि अनजान व्यक्ति के कहने पर सड़क पर अचानक वाहन रोकने से बचें।

यदि किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध लगे तो सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर 112 या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें।पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि रास्ते में मदद के नाम पर ध्यान भटकाने की कोशिश करने वाले लोगों से सावधान रहें। थोड़ी सी सतर्कता से ऐसी चोरी की घटनाओं से बचा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *