फुटबॉल मैदान में खिलाड़ी की मौत, बेहोश होते ही तोड़ा दम  

बोकारो। झारखंड के बोकारो थर्मल इलाके में डे-नाइट फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। मैच के दौरान दूसरे खिलाड़ी से टक्कर लगने के बाद 37 वर्षीय खिलाड़ी कजरा मुर्मू मैदान पर गिरकर बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद खेल मैदान से लेकर अस्पताल तक शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के नई बस्ती मैदान में बजरंग क्लब की ओर से तीन दिवसीय डे-नाइट फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में गोमिया के खंभरा बस्ती निवासी कजरा मुर्मू भी हिस्सा ले रहे थे। इसी दौरान मैच में एक अन्य खिलाड़ी से उनकी टक्कर हो गई, जिससे वह मैदान पर गिरकर बेहोश हो गए।

मैदान पर अचानक हुई घटना से खिलाड़ियों और आयोजकों में अफरा-तफरी मच गई। कजरा मुर्मू को तत्काल डीवीसी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।

मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने किया हंगामा

खिलाड़ी की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल में हंगामा किया। वहीं, कजरा मुर्मू की अचानक मौत से उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है। फुटबॉल प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने भी घटना पर दुख जताया।

मैच के दौरान हुई इस दर्दनाक घटना ने खेल के उत्साह को मातम में बदल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *