खरोरा रोड सारागांव में बड़ा हादसा टला

रायपुर। राजधानी रायपुर के पास सारागांव में शनिवार को कोल्हान नाले के तेज बहाव में 70 यात्रियों से भरी बस फंस गई। रायपुर से बलौदाबाजार जा रही जय अंबे बस को पुलिस ने पानी के तेज बहाव के कारण आगे बढ़ने से रोका था, लेकिन चालक ने चेतावनी को नजरअंदाज कर बस आगे बढ़ा दी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के मुताबिक, विधानसभा थाना क्षेत्र के कोल्हान नाले में पानी का बहाव काफी तेज था। यात्रियों ने भी चालक को आगे जाने से मना किया, लेकिन उसने बस नहीं रोकी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रकों को रास्ता देने के लिए बस को किनारे करना पड़ा, जिससे बस तेज बहाव में फंस गई। बस के पानी में फंसते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्री घबराकर खिड़की से बाहर कूदने की तैयारी करने लगे।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर तैनात पुलिसकर्मी सक्रिय हो गए। पुलिस और ग्रामीणों ने बस के पास पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षित निकालने का अभियान शुरू किया। बस की दाईं ओर की खिड़की से एक-एक कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। रेस्क्यू अभियान में ग्रामीणों ने भी पुलिस का सहयोग किया। संयुक्त प्रयास से बस में सवार सभी 70 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।

पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच की जा रही है कि सुरक्षा संबंधी चेतावनी और यात्रियों के मना करने के बावजूद चालक ने बस को पानी के तेज बहाव में क्यों आगे बढ़ाया। इसके साथ ही बस के परमिट, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *