Headlines

महिला थाना दुर्ग पहुंचीं केंद्रीय मंत्री, पारिवारिक विवादों की काउंसलिंग देखीं

दुर्ग। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने आज महिला थाना दुर्ग का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने महिला थाना में संचालित परिवार परामर्श कार्यक्रम की कार्यप्रणाली को समझा और पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए पुलिस द्वारा की जा रही काउंसलिंग प्रक्रिया की जानकारी ली।

राज्य मंत्री दोपहर करीब 12:50 बजे महिला थाना दुर्ग पहुंचीं। यहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा उन्हें महिला थाना में परिवार परामर्श के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं और काउंसलिंग प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस दौरान परिवारों की काउंसलिंग के लिए अतिरिक्त कक्ष एवं आवश्यक सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई।इसके बाद सावित्री ठाकुर परिवार परामर्शदाताओं के साथ बैठीं और पारिवारिक मामलों में की जा रही काउंसलिंग की प्रक्रिया को विस्तार से समझा।

उन्होंने संबंधित परिवारों की समस्याओं को सुना तथा पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए आवश्यक सुझाव और मार्गदर्शन दिया। भ्रमण के दौरान दुर्ग पुलिस की ओर से महिला सुरक्षा, पारिवारिक विवादों के निराकरण और परिवार परामर्श के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी केंद्रीय राज्य मंत्री को दी गई। सावित्री ठाकुर ने महिला थाना की कार्यप्रणाली और महिला सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

महिला थाना दुर्ग में परिवार परामर्श व्यवस्था के माध्यम से विवादित पक्षों की समस्याओं को सुनकर आपसी संवाद और काउंसलिंग के जरिए समाधान का प्रयास किया जाता है। पुलिस के अनुसार, परिवारों को आवश्यक मार्गदर्शन देने और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में यह व्यवस्था लगातार काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *