रायपुर के जलभराव वाले इलाकों में ड्रोन से होगी निगरानी, महादेव घाट से चन्दनडीह तक अफसरों ने किया दौरा

रायपुर। लगातार हो रही बारिश के चलते रायपुर के कई इलाकों में बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इसे देखते हुए रायपुर पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम तथा एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी और राहत-बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।

आज कलेक्टर रायपुर गौरव सिंह और पुलिस उपायुक्त पश्चिम रॉबिन्सन गुड़िया ने नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन सहित संबंधित अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। टीम ने चन्दनडीह, सरोना के राहत शिविर और महादेव घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।अधिकारियों ने चन्दनडीह के शीतलापारा, रेती खोली और श्रीलंका पारा सहित जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रभावित नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया गया।

बाढ़ प्रभावित लोगों के ठहरने के लिए बनाए गए अस्थायी आश्रय स्थलों में भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की भी जानकारी ली गई। जलभराव वाले इलाकों में फंसे लोगों की पहचान और स्थिति का आकलन करने के लिए ड्रोन कैमरे से निगरानी और सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं।अधिकारियों ने मौके पर मौजूद प्रशासन और पुलिस की टीमों को जल निकासी, राहत सामग्री के त्वरित वितरण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

इसके बाद अधिकारियों ने प्राथमिक शाला डीपरापारा, सरोना में संचालित राहत शिविर का निरीक्षण किया। यहां ठहरे प्रभावित लोगों से चर्चा कर उनकी समस्याओं और शिविर में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली गई।अधिकारियों ने महादेव घाट विसर्जन कुंड और महादेव घाट पुल का भी निरीक्षण किया।

गणेश विसर्जन को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नदी-नालों, उफनते पुल-पुलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। जलमग्न सड़क या पुल को पार करने का प्रयास न करें। गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित विसर्जन कुंड में ही करें और नदी में उतरने से बचें।बच्चों को जलभराव वाले स्थानों पर जाने से रोकने की अपील भी की गई है।

किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 पर सूचना देने तथा अफवाहों से बचकर प्रशासन और पुलिस के निर्देशों का पालन करने कहा गया है।जिला प्रशासन, नगर निगम और रायपुर पुलिस ने कहा है कि बाढ़ प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए टीमें लगातार सक्रिय हैं तथा परिस्थितियों के अनुसार राहत एवं बचाव कार्यवाही की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *