रायपुर। राजधानी में NDPS मामले में जब्त किए गए दो ट्रकों से चार बैटरियां चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना पंचशील नगर स्थित डीआरआई कार्यालय के सामने की है। DRI अधिकारी की शिकायत पर सिविल लाइंस पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, ट्रक क्रमांक AP39UL6262 और AP39UM8484 को एनडीपीएस कार्रवाई के तहत जब्त किया गया था। दोनों वाहनों को डीआरआई कार्यालय के सामने पंचशील नगर में खड़ा किया गया था।
शिकायत के अनुसार 26 सितंबर की शाम करीब 4 बजे गार्ड शिवम तिवारी ने दोनों वाहनों को सही स्थिति में देखा था। अगले दिन 27 सितंबर की सुबह नए गार्ड सुनील शुक्ला नियमित निरीक्षण के दौरान पहुंचे तो दोनों ट्रकों की 2-2 बैटरियां गायब मिलीं। इसकी सूचना सुबह करीब 6:20 बजे कार्यालय में दी गई। इसके बाद डीआरआई अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों की जांच की। अधिकारियों के मुताबिक, अज्ञात चोर दोनों ट्रकों से चार बैटरियां, जिनकी कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है, चोरी कर ले गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है, जिससे आरोपी की पहचान हो सके।