धमतरी। कुरूद थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन कार्यक्रम के दौरान धुमाल बंद होने के बाद विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। दुर्ग जिले के अहिवारा निवासी धुमाल संचालक भूषण साहू की शिकायत पर कुरूद पुलिस ने अज्ञात 3-4 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, भूषण साहू का नमन एस धुमाल गणेश विसर्जन कार्यक्रम के लिए शीतला गणेश उत्सव समिति कुरूद द्वारा बुक किया गया था। बारिश के कारण कार्यक्रम 25 सितंबर को नहीं हो सका और इसे 26 सितंबर को आयोजित किया गया। इसके बाद भूषण अपने धुमाल ग्रुप के साथ कुरूद पहुंचे।
शिकायत के अनुसार, 27 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे गणेश विसर्जन झांकी के दौरान धुमाल शुरू किया गया। करीब 10 मिनट बाद डीजी जनरेटर में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे धुमाल बंद हो गया। इसके बाद समिति से जुड़े लोगों ने कथित तौर पर हंगामा करते हुए भूषण साहू से गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि सुबह करीब 5:30 बजे समिति के 3-4 अज्ञात लोगों ने धुमाल बंद होने को लेकर भूषण से विवाद किया। आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। भूषण साहू की शिकायत पर कुरूद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और मामले की जांच में जुटी है।