Headlines

सुसाइड का इरादा, ट्रेन के आने का इंतजार, भनक लगते ही स्टेशन मास्टर ने बचाई महिला की जान

बिलासपुर। उरकुरा रेलवे स्टेशन पर एक महिला द्वारा अपने दो बच्चों के साथ रेलवे पटरी की ओर जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर स्टेशन मास्टर आनंद उपाध्याय तत्काल मौके पर पहुंचे और समय रहते महिला को पटरी पर जाने से रोक लिया। स्टेशन मास्टर की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

मिली जानकारी के अनुसार, महिला अपने दो बच्चों के साथ उरकुरा रेलवे स्टेशन पहुंची थी। कुछ देर बाद वह अचानक दोनों बच्चों के साथ रेलवे पटरी की ओर बढ़ने लगी। महिला को पटरी की तरफ जाते देख बच्चों ने चीखना शुरू कर दिया।

बच्चों की आवाज सुनते ही स्टेशन मास्टर आनंद उपाध्याय तत्काल उनकी ओर दौड़े। बताया जा रहा है कि उस समय ट्रेन के आने का समय हो चुका था और कुछ ही सेकेंड में ट्रेन के स्टेशन से गुजरने की संभावना थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्टेशन मास्टर ने तुरंत महिला को पीछे खींच लिया और उसे पटरी पर जाने से रोक दिया।

समय रहते महिला और उसके दोनों बच्चों को सुरक्षित कर लिया गया, जिससे संभावित हादसा टल गया। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। फुटेज में महिला को पटरी की ओर बढ़ते और स्टेशन मास्टर को दौड़कर उसे रोकते हुए देखा जा सकता है। घटना के कारणों की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *