Headlines

अपराधियों पर निगरानी तेज, रायपुर पुलिस का 9 थाना क्षेत्रों में सर्चिंग

रायपुर। शहर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए गुण्डा और निगरानी बदमाशों के खिलाफ दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने 106 बदमाशों की सघन चेकिंग की, जबकि 68 बदमाशों की परेड कराई गई। इसके अलावा 7 बदमाशों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई तथा 2 स्थायी और 3 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा की मॉनिटरिंग में यह अभियान चलाया गया। पश्चिम जोन के पुलिस राजपत्रित अधिकारियों के निर्देशन में पुरानी बस्ती, डी.डी. नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, न्यू राजेन्द्र नगर, टिकरापारा और मुजगहन थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने कार्रवाई की।

अभियान के दौरान संबंधित थाना क्षेत्रों में रहने वाले गुण्डा एवं निगरानी बदमाशों को थाने बुलाकर उनकी वर्तमान गतिविधियों, रहन-सहन और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के संबंध में जानकारी जुटाई गई। इसके साथ ही उनकी परेड कराई गई और उन्हें अपराध से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।

पुलिस ने सभी बदमाशों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधियों में शामिल न हों और क्षेत्र में शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। थाना में उपस्थित होने के लिए निर्देशित किए जाने पर तत्काल उपस्थित होने की भी समझाइश दी गई। पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी अपराध में संलिप्त पाए जाने पर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *