दुर्ग। जिले के भिलाई स्थित आकाशगंगा के हिमालय कॉम्प्लेक्स में एक 20 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक कुछ देर पहले ही कॉम्प्लेक्स की एक मोबाइल दुकान से किस्तों पर आईफोन खरीदकर निकला था। इसके बाद वह कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में बने सार्वजनिक शौचालय पहुंचा, जहां उसने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार शाम करीब 4:30 बजे की है। मृतक की पहचान निहाल सिंह (20 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि निहाल शनिवार को आकाशगंगा स्थित हिमालय कॉम्प्लेक्स की एक मोबाइल दुकान पहुंचा था। वहां उसने किस्तों पर आईफोन खरीदने की प्रक्रिया पूरी की।
दुकान संचालक के मुताबिक, मोबाइल खरीदने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निहाल के पास किसी का फोन आया था। फोन पर बातचीत करने के बाद वह दुकान से निकलकर कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट की ओर चला गया। कुछ देर बाद बेसमेंट में बने सार्वजनिक शौचालय में उसके फांसी लगाने की जानकारी सामने आई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर सुपेला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर अस्पताल के शवगृह में रखवाया।