बेंगलुरु। पत्नी और उसके परिवार के छह अन्य सदस्यों समेत सात लोगों की हत्या के सनसनीखेज मामले में आरोपी इंदुशेखर को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने दावा किया है कि सात लोगों की हत्या करने के बाद अब वह शांति और संतुष्टि महसूस कर रहा है। उसने हत्या की वजह पत्नी और उसके परिवार द्वारा लगातार अपमानित किए जाने को बताया है। हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पूछताछ के दौरान इंदुशेखर ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी अक्सर उसे बेइज्जत करती थी और उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाता था। आरोपी का दावा है कि पत्नी के परिवार वाले हमेशा उसका पक्ष लेते थे और उसके साथ बदसलूकी करते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हत्या के पीछे इन्हीं पारिवारिक विवादों को वजह बताया है।
हत्या की साजिश में बेटी की भूमिका भी आई सामने
इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात आरोपी की बेटी की कथित भूमिका है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बेटी को पहले से जानकारी थी कि उसका पिता मां और परिवार के छह अन्य सदस्यों की हत्या करने वाला है। आरोप है कि मां की संपत्ति अपने नाम कराने की शर्त पर उसने पिता का साथ दिया। हत्या के बाद बेटी ने शवों को ठिकाने लगाने और घटनास्थल से खून के निशान मिटाने में भी मदद की। इसके लिए उसने केमिकल और सफाई से जुड़ा सामान जुटाया था। पुलिस के अनुसार, वह लगातार अंतराल पर सफाई करती रही, ताकि हत्या के सबूत मिटाए जा सकें।
3 करोड़ की संपत्ति विवाद को माना जा रहा हत्या की वजह
पुलिस को संदेह है कि इस सामूहिक हत्याकांड के पीछे संपत्ति विवाद एक बड़ी वजह हो सकता है। जांच में बेंगलुरु के श्रीरामपुर इलाके में करीब 3 करोड़ रुपये की संपत्ति का मामला सामने आया है। आरोप है कि इंदुशेखर ने अपनी सास से संपत्ति में बड़ा हिस्सा मांगा था, लेकिन सास ने उसे केवल उसके कानूनी अधिकार के अनुसार हिस्सा देने की बात कही थी।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी ने हत्या के बाद मृतकों के अंगूठे के निशान स्टांप पेपर पर भी लिए थे। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे संपत्ति और अन्य दस्तावेजों पर अधिकार हासिल करने की साजिश थी।
पुलिस को चकमा देने की थी पूरी तैयारी
पुलिस के मुताबिक, इंदुशेखर को भरोसा था कि उसके अपराध का कभी खुलासा नहीं होगा। उसने अपनी बेटी को भी भरोसा दिलाया था कि पुलिस उन्हें पकड़ नहीं पाएगी। आरोप है कि संदेह से बचने के लिए शवों को पैक कर अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाया गया।
शुरुआत में पुलिस को विश्वास नहीं हो रहा था कि एक ही व्यक्ति सात लोगों की हत्या कर सकता है। लेकिन जांच आगे बढ़ने और आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद होने के बाद मामले की भयावहता सामने आई। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और बेटी की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है।