बिलासपुर। शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के लिए बिलासपुर यातायात पुलिस ने लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। पुलिस अब ऐसे वाहन चालकों पर प्रत्यक्ष निगरानी के साथ आईटीएमएस कैमरों के जरिए भी नजर रख रही है। गलत दिशा में वाहन चलाने के 23,772 मामलों में कार्रवाई करते हुए 78 लाख 28 हजार 500 रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया है। वहीं, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामले में 54 प्रकरण दर्ज कर 83 हजार 500 रुपये का समन शुल्क जमा कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए आईटीएमएस और नेशनल हाईवे पेट्रोलिंग टीम के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। साथ ही बैनर, पोस्टर, तख्तियों और यातायात जन चौपाल के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, कुछ वाहन चालक पुलिस की नजरों से बचकर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हैं, जिससे न केवल उनकी जान जोखिम में पड़ती है, बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना का खतरा पैदा होता है। ऐसे वाहन चालकों पर प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और अधिक यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। कैमरों के माध्यम से उल्लंघन करने वालों को चिन्हित कर नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
नाबालिगों के वाहन चलाने पर 54 प्रकरण दर्ज
यातायात पुलिस ने नाबालिग बच्चों द्वारा स्कूटी, बाइक और बुलेट चलाने के मामलों को भी गंभीरता से लिया है। सोशल मीडिया पर नाबालिगों के लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने संबंधित बच्चों और वाहनों को चिन्हित किया। नाबालिगों को थाने बुलाकर उनके परिजनों की मौजूदगी में समझाइश दी गई। इस दौरान मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत 54 प्रकरण बनाए गए और 83,500 रुपये का समन शुल्क जमा कराया गया।
गलत दिशा में वाहन चलाने के 23,772 मामलों में कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि गलत दिशा में वाहन चलाने के कारण सड़कों पर अव्यवस्था और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। ऐसे उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 23,772 मामलों में 78,28,500 रुपये का समन शुल्क जारी कर जमा कराया गया है।
स्टंट करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई
सड़कों पर स्टंट कर आम लोगों की सुरक्षा खतरे में डालने वाले युवाओं के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। स्टंट और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के 21 मामलों में कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय भेजे गए हैं, जहां संबंधित वाहन चालकों पर आर्थिक दंड लगाया गया है।