रायपुर। तीरंदाजी का प्रशिक्षण लेने वाले एक खिलाड़ी के आर्चरी उपकरण और मोबाइल फोन चोरी करने वाले शातिर ई-रिक्शा चालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खिलाड़ी को अपने ई-रिक्शा में बैठाकर रास्ते में चिल्हर लाने का बहाना बनाया और इसी दौरान उसके ट्रॉली बैग से आर्चरी किट और मोबाइल चोरी कर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का पूरा सामान और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा सहित करीब 2.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खिलाड़ी उपांशु राव रायपुर स्थित साईं एकेडमी इंडोर स्टेडियम में तीरंदाजी (आर्चरी) का प्रशिक्षण प्राप्त करता है। 6 नवंबर को वह अपने आर्चरी उपकरणों से भरा ट्रॉली बैग लेकर ई-रिक्शा से घर जाने के लिए भाठागांव बस स्टैंड जा रहा था। इस दौरान उसने अपना मोबाइल फोन चार्जिंग के लिए ई-रिक्शा में लगाया था।
आरोप है कि ई-रिक्शा चालक उसे बस स्टैंड पहुंचाने के बजाय भाठागांव चौक पर उतार दिया। छात्र ने किराये के रूप में चालक को 500 रुपये का नोट दिया। चालक ने चिल्हर लेकर आने का बहाना बनाया और इसी दौरान ई-रिक्शा में रखे ट्रॉली बैग से आर्चरी उपकरण एवं मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गया।
पीड़ित की शिकायत पर थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 1036/26 के तहत धारा 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही ई-रिक्शा के संबंध में तकनीकी माध्यमों से जानकारी जुटाई गई। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान बोरियाखुर्द निवासी विल्सन ब्राउन के रूप में हुई। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी विल्सन ब्राउन (31 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के संपूर्ण आर्चरी उपकरण, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा क्रमांक CG 04 NZ 3733 जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
कई मामलों में पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विल्सन ब्राउन आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। उसके खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट और मारपीट से संबंधित मामले दर्ज हो चुके हैं। इन मामलों में वह पहले भी जेल में निरुद्ध रह चुका है।