दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र के गोड़पेण्ड्री गांव में भाई-बहन के रिश्ते को शर्मसार करने वाली हत्या की घटना सामने आई है। यहां शराब पीने की आदत से परेशान एक बहन ने अपने ही 40 वर्षीय भाई की सीलबट्टा (लोढ़ा) से सिर पर वार कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर मामले का खुलासा कर आरोपी बहन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज उतई पुलिस को ग्राम गोड़पेण्ड्री में मर्ग की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची, जहां धर्मेन्द्र पाल (40 वर्ष) का शव मिला। शव के निरीक्षण में मृतक की बाईं आंख के ऊपर किसी ठोस वस्तु से गंभीर चोट के निशान पाए गए। प्रारंभ में मृतक की बहन एवं सूचनाकर्ता धन्नी धनकर ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमला किए जाने की बात बताई थी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। घटनास्थल एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की आशंका होने पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने मृतक की बहन धन्नी धनकर (34 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में महिला ने अपने भाई की हत्या करना स्वीकार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि वह अपने भाई की शराब पीने की आदत से परेशान थी। इसी बात को लेकर उसने सीलबट्टा (लोढ़ा) से भाई के सिर और बाईं आंख के ऊपर प्रहार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आरोपी महिला की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त सीलबट्टा (लोढ़ा) जब्त कर लिया है। पुलिस ने धन्नी धनकर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है।