Headlines

मुक्तिधाम के पास गांजा लेकर घूम रहे थे दो युवक, तेलीबांधा पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

रायपुर। राजधानी में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.873 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत 93 हजार 650 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई एण्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने की है।

एण्टी नारकोटिक टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि तेलीबांधा थाना क्षेत्र के रिंग रोड नंबर-1 स्थित मुक्तिधाम के पास दो व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री करने की फिराक में घूम रहे हैं।

पुलिस टीम ने मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान की। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान गणेश राम पटेल (55 वर्ष) और शेरा कुल्हरिया (30 वर्ष), निवासी सुभाष नगर देवारपारा, तेलीबांधा रायपुर के रूप में बताई।

इसके बाद पुलिस ने उनके पास रखी बोरी की तलाशी ली, जिसमें से 1.873 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 508/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस अब आरोपियों से गांजा कहां से लाया गया था, इसकी सप्लाई कौन करता था और इसे किन लोगों को बेचा जाना था, इस संबंध में पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *