Headlines

गंगरेल मड़ई में ड्रोन से निगरानी, बिछड़े बच्चों को परिजनों से मिलाकर धमतरी पुलिस ने जीता दिल

धमतरी। गंगरेल मड़ई में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में मेला परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्रों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान ड्रोन कैमरे के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ पर लगातार नजर रखी गई। पुलिस की सतर्कता और बेहतर प्रबंधन के चलते गंगरेल मड़ई सहित जिले के कई क्षेत्रों में आयोजित मातर मड़ई के कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गंगरेल मड़ई में छत्तीसगढ़ के कई जिलों के साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नागरिक पहुंचे थे। इसे देखते हुए धमतरी पुलिस ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारी की थी। मेला परिसर, पार्किंग स्थलों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर लगातार निगरानी की गई।

हजारों लोगों की भीड़ पर प्रभावी नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे से रियल टाइम मॉनिटरिंग की गई। इसके जरिए मेला स्थल, पार्किंग क्षेत्र और प्रमुख मार्गों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। तकनीकी निगरानी और मैदानी पुलिस बल के समन्वय से भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखा गया।

भीड़ में बिछड़े बच्चों को परिजनों से मिलाया

गंगरेल मड़ई के दौरान धमतरी पुलिस ने सुरक्षा के साथ मानवीय संवेदनशीलता की भी मिसाल पेश की। मेले की भीड़ में कुछ बच्चे अपने परिजनों से बिछड़ गए थे। पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और आवश्यक प्रयासों के बाद उन्हें उनके परिजनों से मिलवाया। बच्चों को वापस पाकर परिजनों के चेहरों पर खुशी लौट आई। पुलिस की इस पहल की नागरिकों ने सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *