रायपुर। भाजपा महिला मोर्चा अपनी प्रथम कार्यसमिति बैठक आयोजित करने जा रही है। दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक का आयोजन राजधानी रायपुर के जैमन मानस भवन में होगी, जहां प्रदेश भर की 500 से अधिक महिला नेत्रियां शामिल होंगी।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह हम सभी के लिए हर्ष का विषय है कि महिला मोर्चा की प्रथम कार्यसमिति बैठक 16 एवं 17 नवंबर को जैमन मानस भवन में आयोजित की जा रही है, जहां हम सभी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती रूपकुमारी चौधरी मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए कहा कि 16 नवंबर सोमवार को प्रदेश कार्यसमिति बैठक विधिवत रूप से प्रारंभ होगी। अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन, राष्ट्रगीत वंदे मातरम् एवं राजकीय गीत अरपा पैरी के पश्चात कार्यसमिति बैठक विधिवत रूप से प्रारंभ होगी। बैठक के विभिन्न सत्रों में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा विभिन्न विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्राप्त होगा। प्रदेश मोर्चा का वृत्त रखने एवं अध्यक्षीय उद्बोधन के पश्चात प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा जी द्वारा “वर्तमान राजनीतिक परिवेश में महिला मोर्चा की भूमिका” विषय पर विस्तृत मार्गदर्शन प्राप्त होगा।
उसके पश्चात केंद्रीय मंत्री तोखन साहू द्वारा केंद्र और राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं पर विषय रखा जाएगा। तत्पश्चात हमारी राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती रूपकुमारी चौधरी जी संगठनात्मक विषयों पर प्रदेश पदाधिकारियों एवं जिला प्रमुखों से विस्तृत चर्चा करेंगी।
इस दौरान मीडिया एवं सोशल मीडिया के संयोजकों द्वारा भी महिला नेत्रियों को कार्यशैली के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। सोमवार को रात्रि भोजन के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। 17 नवंबर मंगलवार को सुबह पुनः कार्यसमिति की शुरुआत होगी। मंगलवार को कुल पांच सत्रों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, वरिष्ठ नेत्री सुश्री सरोज पांडे, महिला मोर्चा प्रदेश प्रभारी सुभाष तिवारी सहित अन्य नेताओं द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
साथ ही हमारे लिए हर्ष का विषय यह भी है कि कार्यसमिति बैठक के समापन अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की गरिमामय उपस्थिति रहेगी। कार्यसमिति बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिलों को विशेष रूप से सम्मानित भी किया जाएगा।