Headlines

धरमजयगढ़ रवाना हुए CM विष्णुदेव साय, जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में होंगे शामिल

रायपुर/रायगढ़। जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होने CM विष्णुदेव साय धरमजयगढ़ रवाना हुए। मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भाजपा को लेकर की गई ‘फासीवादी’ टिप्पणी पर पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 1975 में अपने स्वार्थ के लिए आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या करने और संविधान के साथ छेड़छाड़ करने वालों को आज लोकतंत्र और संविधान की बात करने का कोई अधिकार नहीं है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जिन लोगों ने 1975 में आपातकाल लागू कर देश के लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित किया, वे आज लोकतंत्र और संविधान की दुहाई दे रहे हैं। सीएम ने राहुल गांधी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के आपातकाल के दौर की याद दिलाई।

बता दें कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आज जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नितिन नबीन भी शामिल होंगे। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान को याद किया जाएगा। साथ ही जनजातीय परिवारों के लिए आवास, शिक्षा, महिला कल्याण और वन अधिकारों से जुड़ी योजनाओं की प्रगति साझा की जाएगी।

‘धरती आबा’ के नाम से विख्यात भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वर्ष 2021 में उनकी जयंती, 15 नवंबर, को हर वर्ष जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। धरमजयगढ़ के आयोजन में छत्तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, राजा गेंद सिंह, शहीद झाड़ा सिरहा, हिड़मा माँझी और संत गहिरा गुरु के योगदान को भी याद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *