Headlines

25 साल की उम्र में अंग्रेजों के दाँत खट्टे कर दिए थे धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी ने : CM विष्णुदेव साय

रायगढ़। जिले में आयोजित जनजाति गौरव दिवस में सीएम विष्णुदेव साय ने कहा, छत्तीसगढ़ में आज से धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। किसानों के हित में हमारी सरकार ने ₹13,839 प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता देने का निर्णय लिया है। इससे 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान उत्पादन करने वाले किसानों को भी आदान सहायता का पूरा लाभ मिलेगा। देश की आजादी की लड़ाई में हमारे जनजातीय वीरों ने अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान के साथ महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके गौरवशाली इतिहास और योगदान को सजीव रूप में प्रस्तुत करते हुए हमारी सरकार ने नवा रायपुर में ‘शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह-जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय’ का निर्माण किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज जनजातीय समाज के समग्र विकास और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं। पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से जनजातीय परिवारों तक आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएँ पहुँचाई जा रही हैं।

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजों के दाँत खट्टे कर दिए थे। उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज ने अंग्रेजों की बंदूकों और तोपों का तीर-धनुष से डटकर मुकाबला किया। जनजातीय समाज का गौरव बढ़ाने वाले ऐसे महान वीर भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती को हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने की शुरुआत की।

छत्तीसगढ़ में जनजातीय समुदाय के 12 से 13 लाख परिवार तेंदूपत्ता संग्रहण के कार्य से जुड़े हैं। इन परिवारों की मेहनत का उचित सम्मान और उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए हमारी सरकार ने तेंदूपत्ता संग्रहण दर ₹4,000 से बढ़ाकर ₹5,500 प्रति मानक बोरा करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों को आर्थिक संबल देने और उनके जीवन में खुशहाली लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

हमारी सरकार जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक आयोजनों को प्रोत्साहित एवं संरक्षित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी दिशा में जनजातीय ग्राम अखरा विकास योजना शुरू की गई है। साथ ही, बस्तर में मांझी-चालकी प्रतिनिधियों के मानदेय में भी वृद्धि की गई है।

नक्सलवाद से मुक्ति के बाद दशकों तक विकास से वंचित रहे बस्तर में अब विकास की नई बयार बह रही है। डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ गाँवों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएँ पहुँचाई जा रही हैं। बस्तर आज शांति, विश्वास और विकास के नए दौर की ओर आगे बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *