दुर्ग। भिलाई में एक व्यक्ति के बैंक खाते से उसकी जानकारी और सहमति के बिना करीब 2 लाख 30 हजार रुपये निकालकर गबन करने का मामला सामने आया है। पीड़ित के साथ काम करने वाले आरोपी ने उसकी अशिक्षा और भरोसे का फायदा उठाकर कई महीनों तक अलग-अलग किस्तों में खाते से रकम निकाली। मामले में वैशाली नगर पुलिस ने आरोपी होरी लाल यादव (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी दिनेश यादव निवासी राजीव नगर, सुपेला, भिलाई का कैनरा बैंक सुपेला में खाता है। वह पढ़ा-लिखा नहीं है और बैंक में रुपये जमा करने तथा निकालने जैसे कामों के लिए अपने साथ काम करने वाले होरी लाल यादव की मदद लेता था। इसी दौरान आरोपी को उसके बैंक खाते और लेनदेन की पूरी जानकारी हो गई थी।
आरोप है कि इसी जानकारी का फायदा उठाकर होरी लाल यादव ने 24 अगस्त 2025 से 7 मार्च 2026 के बीच प्रार्थी की जानकारी और सहमति के बिना अलग-अलग किस्तों में करीब 2 लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए। आरोपी ने निकाली गई रकम को अपने खर्च में इस्तेमाल कर लिया।
जब प्रार्थी को अपने बैंक खाते से रकम गायब होने की जानकारी मिली तो उसने थाना वैशाली नगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 430/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा बैंक खाते से संबंधित लेनदेन की जांच की। इसके बाद संदेही होरी लाल यादव को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा खाते से अलग-अलग किस्तों में करीब 2.30 लाख रुपये निकालकर खर्च करना बताया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी होरी लाल यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
भरोसे का उठाया फायदा
पुलिस के अनुसार, आरोपी पीड़ित के साथ काम करता था और बैंक संबंधी कामों में उसकी मदद करता था। इसी विश्वास का दुरुपयोग करते हुए उसने पीड़ित के खाते से बिना जानकारी के रकम निकाल ली। मामले में पुलिस की अग्रिम विवेचना जारी है।