फरसगांव। बड़ेडोंगर थाना क्षेत्र के मोहपाल गांव के सरपंच मंगल सिंह मरकाम हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, पूर्व रंजिश के चलते आरोपियों ने सरपंच की हत्या की साजिश रची थी। मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे बड़ेडोंगर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम मोहपाल के सरपंच मंगल सिंह मरकाम की अज्ञात लोगों ने मारपीट कर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही एसपी पंकज चंद्रा के निर्देश पर एएसपी कपिल चंद्रा और एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में एफएसएल, साइबर टीम, थाना बड़ेडोंगर और रिजर्व केंद्र की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
प्रेम प्रसंग की चर्चा को लेकर रंजिश का दावा
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी मिट्ठू राम नेताम से मिली जानकारी के आधार पर हत्या की वजह सामने आई। पुलिस का कहना है कि सरपंच मंगल सिंह मरकाम के आरोपी परिवार की एक महिला से प्रेम संबंध होने की चर्चा को लेकर पहले से रंजिश थी। इसी कथित रंजिश के चलते मिट्ठू राम नेताम, श्रवण कुमार नेताम, अमित कुमार नेताम, लखन नेताम, नब्बू वट्टी, राकेश मंडावी और प्रभु लाल नेताम ने सरपंच की हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर की रात सरपंच के गांव आने की जानकारी मिलने पर सभी आरोपी पड़ाड़ी मार्ग और नदी किनारे जंगल के पास घात लगाकर बैठ गए। सरपंच के वहां पहुंचने पर आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और उसके हाथ बांध दिए। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने सरपंच के साथ थप्पड़, चप्पल, लोहे की रॉड और डंडे से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
कंबल से ढंककर रातभर मौके पर रहे
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सरपंच के हाथ-पैर बांधकर उसे घटनास्थल से करीब 60 मीटर दूर ले जाकर कंबल से ढंक दिया। इसके बाद आरोपी सड़क किनारे आग जलाकर रातभर वहीं मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार, आरोपी सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच मौके से फरार हुए। सुबह परिजनों को सरपंच घायल अवस्था में मिला। इसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी फरसगांव ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में मिट्ठू राम नेताम (45), श्रवण कुमार नेताम (20), अमित कुमार नेताम (20), लखन नेताम (25), नब्बू वट्टी (28), राकेश मंडावी (21) और प्रभु लाल नेताम (20) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी ग्राम मोहपाल, थाना बड़ेडोंगर के निवासी बताए गए हैं।