दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के ज्वाला नगर (विवेक विहार) इलाके में मंगलवार को हुए मकान हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में तीन साल के मासूम देवांश उर्फ ‘लड्डू’ की मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा है। वहीं बच्चे के मामा बाबू गुप्ता का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि वह पिछले करीब 10 साल से अपनी बहन और बहनोई को जर्जर मकान खाली करने की सलाह दे रहे थे, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई।
बाबू गुप्ता के मुताबिक, उनकी बहन खुशबू और बहनोई कन्हैया जिस मकान में किराए पर रहते थे, वह करीब 50 साल पुराना और जर्जर हालत में था। उन्होंने कई बार परिवार को मकान खाली करने के लिए समझाया था। उन्हें आशंका थी कि मकान की खराब स्थिति कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। लेकिन काम करने की जगह पास होने के कारण परिवार ने मकान नहीं छोड़ा।
हादसे के बाद बाबू गुप्ता भावुक होकर बोले, “अगर उन्होंने मेरी बात मान ली होती, तो आज मेरा भांजा जिंदा होता।” उनकी यह बात परिवार के दर्द और हादसे के सदमे को बयां करती है।
दिवाली पर बेटी भी हुई थी हादसे का शिकार
इस हादसे ने कन्हैया के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। उनके तीन साल के बेटे देवांश की मौत हो गई, जबकि पत्नी घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं। परिवार की बेटी भी पहले से अस्पताल में भर्ती है। कन्हैया ने बताया कि दिवाली के दिन उनकी बेटी छत से गिर गई थी, जिससे उसका पैर टूट गया था। तभी से वह अस्पताल में भर्ती है और वह भी अस्पताल में ही मौजूद थे। जिस समय मकान गिरा, उस वक्त उनकी पत्नी और बेटा घर पर थे।
एक ही परिवार पर लगातार आई इन मुसीबतों ने परिजनों को तोड़कर रख दिया है। जिस घर में बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम और अपनों को खोने का दर्द है।