रायपुर। नहरपारा झूलेलाल चौक स्थित होटल गोल्डन हेरिटेज के सामने एक स्टील दुकान में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर दुकान के पीछे लगे टिन शेड को उठाकर अंदर दाखिल हुआ और गल्ले में रखे करीब 1 लाख 90 हजार रुपये नकद समेत एक सीसीटीवी कैमरा चोरी कर फरार हो गया। शिकायत मिलने के बाद गंज पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कारोबारी दीपक चौधरी ने बताया कि 1 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे उन्होंने दिनभर की व्यवसायिक खरीदी-बिक्री से प्राप्त करीब 1.90 लाख रुपये दुकान के गल्ले में लॉक करके रखे थे। इसके बाद दुकान बंद कर वे घर चले गए।
अगली सुबह 2 अक्टूबर को करीब 10:30 बजे जब उन्होंने दुकान खोली तो अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। गल्ला खुला था और उसका लॉक टूटा हुआ था। गल्ले में रखे 1.90 लाख रुपये गायब थे। इसके बाद कारोबारी ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो एक कैमरा दूसरी दिशा में मोड़ा हुआ मिला, जबकि दूसरा कैमरा भी गायब था।
दुकान की जांच करने पर पीछे की तरफ लगा टिन शेड उठा हुआ मिला। आशंका है कि अज्ञात चोर इसी रास्ते दुकान के अंदर दाखिल हुआ और गल्ले से नकदी तथा सीसीटीवी कैमरा चोरी कर फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर गंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।