रायपुरा ओवरब्रिज में भखारा के युवक की मौत, अज्ञात वाहन रौंदकर फरार

रायपुर। राजधानी रायपुर में देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रायपुरा ओवरब्रिज के ऊपर हुआ, जहां अज्ञात चार पहिया वाहन के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी को टक्कर मार दी।

मिली जानकारी के अनुसार, धमतरी भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम बागतरई निवासी कुलदीप साहू और भेष कुमार साहू सब्जी लेने के लिए घर से निकले थे। दोनों स्कूटी से रायपुर पहुंचे थे। रात करीब 11:30 बजे रायपुरा ओवरब्रिज के ऊपर पहुंचने के दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में भेष कुमार साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कुलदीप साहू के पैर में चोट आई है।

घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल कुलदीप साहू को उपचार के लिए एम्स अस्पताल रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं मृतक भेष कुमार साहू के शव को एम्स अस्पताल के शवगृह में रखा गया है।

मामले में डीडी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात चार पहिया वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और फरार वाहन चालक की पहचान के लिए जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *