बिलासपुर। न्यायधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मोबाइल वापस नहीं मिलने के विवाद में 16 साल के किशोर को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपहृत किशोर को रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में मुख्य संदेही शेख अजुमुद्दीन उर्फ अज्जू समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कस्तूरबा नगर सिंधी कॉलोनी निवासी भुवन श्रीवास ने 18 नवंबर 2026 को सिविल लाइन थाने में अपने 16 वर्षीय छोटे भाई के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। किशोर कक्षा 11वीं में पढ़ाई करता है। परिजनों के मुताबिक, वह 17 नवंबर की शाम करीब 6:40 बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया था। आसपास और परिचितों के बीच तलाश करने पर जानकारी मिली कि शेख अजुमुद्दीन उर्फ अज्जू अपने कुछ साथियों के साथ उसे लेकर गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने अपहृत किशोर की जल्द पतासाजी कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद सिविल लाइन पुलिस ने विशेष टीम गठित कर संदेही शेख अजुमुद्दीन उर्फ अज्जू की तलाश शुरू की।
सिंधी कॉलोनी के पास घूमते मिले आरोपी
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदेही अज्जू अपने दोस्तों के साथ सिंधी कॉलोनी के पास घूम रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे और उसके साथियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर किशोर को ले जाने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने अपहृत नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया।
सात आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
पुलिस ने इस मामले में शेख अजुमुद्दीन (22), शेख नजीमुद्दीन (23), निखिल कुशवाहा (22), अलताफ खान (22), शेख निशार (20), मोहम्मद सैफ (21) और एक अन्य अलताफ खान (19) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बिलासपुर के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
सिविल लाइन पुलिस ने अपराध क्रमांक 1563/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 138, 115(2) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है।