Headlines

सेल्फी फोटो वायरल करने की धमकी देकर युवा व्यापारी को किया ब्लैकमेल, महिला कर्मचारी गिरफ्तार

बिलासपुर। न्यायधानी में साथ खिंचवाए गए फोटो का गलत इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर एक युवक से दो लाख रुपये की उगाही करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवती युवक को फोटो वायरल कर सामाजिक रूप से बदनाम करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर लगातार पैसे मांग रही थी। लोक-लाज के डर से युवक ने उसे ऑनलाइन और नगद मिलाकर दो लाख रुपये भी दे दिए। इसके बावजूद युवती की पैसों की मांग बंद नहीं हुई। आखिरकार परेशान होकर युवक ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 वर्षीय युवती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खपरगंज कल्लू बाड़ा निवासी 28 वर्षीय सूर्या सोनी ने 18 नवंबर 2026 को सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। प्रार्थी के मुताबिक, आरोपी युवती प्राची कश्यप वर्ष 2025 में उसकी दुकान पर काम करने आई थी। वह करीब तीन साल तक दुकान में काम करने के बाद वहां से चली गई थी। इसी दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई और मोबाइल फोन के माध्यम से बातचीत व चैटिंग होने लगी।

बताया गया कि आपसी परिचय के दौरान दोनों ने साथ में कुछ फोटो खिंचवाए थे। आरोप है कि बाद में युवती उन्हीं फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवक से पैसों की मांग करने लगी। युवती उसे सामाजिक रूप से बदनाम करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी भी देती थी।

बदनामी के डर से युवक ने दिए दो लाख रुपये

शिकायत के अनुसार, लोक-लाज और सामाजिक बदनामी के डर से युवक ने युवती को ऑनलाइन और नगद मिलाकर कुल दो लाख रुपये दे दिए। इसके बाद भी युवती बार-बार फोन कर फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए और पैसों की मांग करती रही। इतना ही नहीं, पैसे नहीं देने पर आत्महत्या करने की धमकी देने का भी आरोप है। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर युवक ने पुलिस की शरण ली।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 692/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 296 और 351(3) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को दी गई। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस ने कार्रवाई की।

पुलिस ने आरोपी प्राची कश्यप (20 वर्ष), निवासी गौठान के पास लोफंदी, थाना कोनी, जिला बिलासपुर को 18 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *