Headlines

जशपुर में नशेड़ी कार चालक का तांडव, सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचला, गिरफ्तार

जशपुर। जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में नशे में धुत एक कार चालक की लापरवाही से बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार आर्टिगा कार अनियंत्रित होकर गलत दिशा में पहुंच गई और सड़क किनारे खड़े लोगों व वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो कार और सात मोटरसाइकिल समेत कुल नौ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद आरोपी चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 16 नवंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे की है। बोधलाल नायक अपने भतीजे खेमचंद नायक और साथी सीताराम नायक व संदीप चौहान के साथ आल्टो कार से पालीडीह स्थित जिंदल बजाज मोटरसाइकिल शोरूम में बाइक खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान उनका परिचित विके बंजारा भी अपनी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। सभी ने अपने वाहन शोरूम के सामने सड़क किनारे खड़े किए और मोटरसाइकिल देखने के लिए अंदर चले गए।

इसी बीच पाकरगांव की ओर से आ रही आर्टिगा कार क्रमांक CG13AN1090 का चालक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए गलत दिशा में सड़क के दाहिनी ओर आ गया। कार ने सड़क किनारे खड़ी स्विफ्ट डिजायर और आल्टो कार को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद वहां खड़ी मोटरसाइकिलों और शोरूम के सामने मौजूद लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुए इस हादसे में खेमचंद नायक, सीताराम नायक, संदीप चौहान और विके बंजारा गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, बोधलाल नायक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।

कार डिवाइडर में फंसी तो भागने लगा चालक, लोगों ने दौड़ाकर पकड़ा

हादसे के बाद आरोपी चालक ने मौके से फरार होने की कोशिश की, लेकिन उसकी आर्टिगा कार सड़क के डिवाइडर के गड्ढे में फंस गई। इसके बाद आरोपी कार से उतरकर भागने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने उसका पीछा किया और दौड़ाकर पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसकी पहचान घनश्याम यादव (21 वर्ष), निवासी पालीडीह धनियापारा, थाना पत्थलगांव के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था।

दो कार और सात मोटरसाइकिल हुईं क्षतिग्रस्त

इस हादसे में दो चारपहिया वाहनों के अलावा सात मोटरसाइकिलों को भी नुकसान पहुंचा है। क्षतिग्रस्त वाहनों में स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG15CU9284, आल्टो कार क्रमांक CG04KQ4824 और सात मोटरसाइकिल शामिल हैं। इस तरह हादसे में कुल नौ वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।

आरोपी गिरफ्तार, आर्टिगा कार जब्त

मामले में बोधलाल नायक की रिपोर्ट पर पत्थलगांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 276/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 और 324(2) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान आरोपी घनश्याम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। इसके बाद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में प्रयुक्त आर्टिगा कार भी जब्त की गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *