रायपुर में बकरे को लेकर विवाद, ईंट-पत्थर से युवक का सिर फोड़ा, आरोपी फरार

रायपुर। राजधानी के संजय नगर स्थित मिलन चौक में बकरे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दो युवकों ने एक युवक को गाली-गलौज करते हुए ईंट और पत्थर से सिर, चेहरे समेत शरीर के कई हिस्सों पर वार कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, संजय नगर मिलन चौक निवासी राज यादव ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि 1 अक्टूबर 2026 की रात करीब 12 बजे वह काम से घर लौटा। इस दौरान उसे जानकारी मिली कि रात करीब 10 बजे मिलन चौक के पास उसके भाई राकेश यादव और कान्हा सोनी के बीच बकरा लाने को लेकर विवाद हो गया था।

बताया गया कि राकेश ने कान्हा सोनी से बकरा लाने की बात कही थी और इसके बदले पैसे देने की बात कही गई। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद कान्हा सोनी और उसका दोस्त प्रकाश ने राकेश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उस पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।

सिर और चेहरे पर किए कई वार

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने राकेश की हत्या करने की नीयत से उसके सिर, चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर ईंट-पत्थर से वार किए। हमले में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर से काफी खून निकलने लगा। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल राकेश को उपचार के लिए डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। शिकायत के आधार पर टिकरापारा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *