महिला डॉक्टर मंत्री की शिकायत पर गिरफ्तार, खुद को PMO अधिकारी बताकर पहुंचीं थी मिलने

कोलकाता। पश्चिम बंगाल पुलिस ने प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की वरिष्ठ अधिकारी होने का फर्जी दावा कर राज्य सचिवालय नबन्ना में प्रवेश करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान डॉ. आकांक्षा विद्यार्थी के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने खुद को दिल्ली स्थित PMO की वरिष्ठ अधिकारी बताते हुए पश्चिम बंगाल के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री अजय पोद्दार से मुलाकात का समय लिया था।

पुलिस के मुताबिक, महिला ने इस सप्ताह की शुरुआत में PWD विभाग को ईमेल भेजकर मंत्री से मिलने का समय मांगा था। ईमेल में उसने खुद को दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय से जुड़ा अधिकारी बताया था। इसके आधार पर उसे मंत्री से मुलाकात का समय मिल गया।

मुलाकात के दौरान हुआ शक

पुलिस के अनुसार, मंत्री से मुलाकात के दौरान महिला की कुछ बातें संदिग्ध और विषय से असंबंधित लगीं। इसके बाद मंत्री को उसके परिचय और PMO से जुड़े होने के दावे पर संदेह हुआ। अधिकारियों ने महिला की पहचान और उसके दावों की जानकारी जुटाई तो उसके PMO से जुड़े होने की पुष्टि नहीं हुई।

इसके बाद मंत्री के कार्यालय की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले में हावड़ा के शिवपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 319(2), 204 और 340(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया।

दिल्ली पहुंचकर पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, शिकायत दर्ज होने तक महिला कोलकाता छोड़कर दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी थी। इसके बाद हावड़ा पुलिस की एक टीम दिल्ली पहुंची और गुरुवार को उसके आवास से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस महिला को ट्रांजिट रिमांड पर हावड़ा लेकर पहुंची है।

जांच में यह भी सामने आया है कि मंत्री से मुलाकात के दौरान महिला ने उनके साथ तस्वीर खिंचवाई थी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला ने PMO अधिकारी होने का दावा क्यों किया और इसी पहचान का इस्तेमाल कर वह राज्य सचिवालय नबन्ना तक कैसे पहुंची। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *