Headlines

रायपुर में डॉक्टर, पुरुष नर्स समेत तीन गिरफ्तार, नवजात खरीद-बिक्री नेटवर्क का भंडाफोड़

रायपुर। राजधानी में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री से जुड़े मामले में पुलिस ने एक डॉक्टर सहित तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में डॉक्टर, पुरुष नर्स और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, गिरोह के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है।

यह मामला थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत दर्ज है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3), 143(4), 318(4) और 61 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

इससे पहले पुलिस ने मामले में तीन महिला आरोपियों कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ और विवेचना के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अब डॉक्टर खिर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी डॉ. खिर सिंधु महानंद नवजात शिशु के क्रेता या लाभार्थी को अस्पताल में भर्ती किए बिना ही अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करता था। इसके बाद यह टिकट महिला आरोपी कृतिका साहू को दिया जाता था।

पूछताछ में डॉक्टर ने वर्ष 2026 में तीन डिलीवरी होने और 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाने की जानकारी दी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्रार्थिया के उपचार से संबंधित दस्तावेज और ओपीडी रिकॉर्ड रजिस्टर जब्त किया है।

पुलिस की जांच के मुताबिक, आरोपी प्रकाश कुमार कौरव पुरुष नर्स का काम करता था। वह अश्वनी शर्मा के साथ मिलकर कृतिका साहू, गीतिका नाग, अहिल्या नामदेव और अन्य लोगों के साथ कथित तौर पर नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री में शामिल था।

आरोप है कि गिरोह के सदस्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं और अविवाहित गर्भवती महिलाओं की तलाश करते थे। इसके बाद उन्हें प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जाता था। प्रसव के बाद नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का सौदा किया जाता और उससे मिलने वाली रकम आपस में बांट ली जाती थी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अश्वनी शर्मा नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के एवज में रकम के लेन-देन का काम करता था। इस प्रकरण की प्रार्थिया को भी इसी तरीके से प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  1. डॉ. खिर सिंधु महानंद (45 वर्ष), निवासी मोतीलाल नगर, कोटा, थाना सरस्वती नगर, रायपुर।
  2. प्रकाश कुमार कौरव (45 वर्ष), निवासी कपिस विहार, अमलीडीह, थाना न्यू राजेंद्र नगर, रायपुर।
  3. अश्वनी शर्मा (38 वर्ष), निवासी रामकुंड विहार, थाना आजाद चौक, रायपुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *