रायपुर। राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों को पदोन्नति देते हुए महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियां सौंपी हैं। राज्य में दो वरिष्ठ IAS अधिकारियों को अपर मुख्य सचिव (ACS) के पद पर पदोन्नत किया गया है, जबकि दो अधिकारियों को प्रमुख सचिव के पद पर पदोन्नति मिली है। इसके साथ ही कई विभागों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ IAS अधिकारी सुबोध कुमार सिंह को अपर मुख्य सचिव के पद पर पदोन्नत करते हुए मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके पास छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के अध्यक्ष और प्रमुख आवासीय आयुक्त, छत्तीसगढ़ भवन, नई दिल्ली का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा।
वहीं वरिष्ठ IAS अधिकारी निहारिका बारिक को अपर मुख्य सचिव के पद पर पदोन्नत कर गृह एवं जेल विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह प्रमुख सचिव बने
प्रमुख सचिव के पद पर पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों में 2002 बैच के IAS अधिकारी डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह शामिल हैं। डॉ. रोहित यादव को प्रमुख सचिव, वित्त विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके पास जनसंपर्क विभाग का अतिरिक्त प्रभार पहले की तरह जारी रहेगा। इसके साथ ही उन्हें पेंशन निराकरण समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दी गई है। वहीं डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।