Headlines

मां की हत्या कर सिर पर लगाया गुलाल, सामान्य मौत बताकर छिपाता रहा क्राइम को, बेटा गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी में मां की हत्या के एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने करीब तीन साल बाद खुलासा किया है। पारिवारिक विवाद के चलते बेटे ने अपनी ही मां को पहले दीवार में धक्का दिया, फिर सिलबट्टे के लोहे से सिर पर वार कर दिया। इसके बाद मच्छरदानी की रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने मां के सिर पर गमछा बांधा और माथे पर गुलाल लगाकर मौत को सामान्य बताने की कोशिश की। खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका की पहचान श्यामा गोस्वामी के रूप में हुई है। मामले की शुरुआत थाना खमतराई में दर्ज मर्ग क्रमांक 72/2023 की जांच से हुई थी। जांच के दौरान मृतिका के सिर में चोट और गले पर रस्सी के निशान मिलने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य गवाहों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की दोबारा गहराई से जांच की।

पत्नी और बच्चों को घर लाने की बात पर हुआ था विवाद

जांच में सामने आया कि मृतिका का अपने बेटे संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी (44 वर्ष) के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। आरोपी अपनी पत्नी और बच्चों को घर लाना चाहता था। इसी बात को लेकर 5 जुलाई 2023 को उसका अपनी मां से विवाद हुआ था।

पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी मां को दीवार में धक्का दे दिया, जिससे उनके सिर में चोट लग गई। इसके बाद मां के दर्द से कराहने पर आरोपी गुस्से में आ गया और पास में रखे सिलबट्टे के लोहे से उनके सिर के पीछे वार कर दिया। इससे उनके सिर से खून बहने लगा। इसके बाद आरोपी ने पलंग में लगी मच्छरदानी की रस्सी से उनका गला घोंट दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

हत्या छिपाने के लिए रची सामान्य मौत की कहानी

वारदात के बाद आरोपी ने हत्या के साक्ष्य छिपाने की कोशिश की। उसने मृतिका के सिर पर गमछा बांध दिया और माथे एवं सिर पर गुलाल लगा दिया, ताकि घटना सामान्य मृत्यु जैसी दिखाई दे। आरोपी ने अपनी बहनों और पुलिस को भी हत्या की जानकारी नहीं दी तथा आसपास के लोगों को मौत का सामान्य कारण बताकर गुमराह करने का प्रयास किया।

मामले में मृतिका की बेटी संगीता गोस्वामी ने अपनी मां की मौत पर संदेह जताया था। इसके बाद पुलिस ने शिकायत और पहले की गई मर्ग जांच से जुड़े तथ्यों का दोबारा परीक्षण किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, गवाहों के बयान और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर बेटे संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी की संलिप्तता सामने आई।

तीन साल पुराने मामले में आरोपी गिरफ्तार

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपनी मां की हत्या करना स्वीकार किया।

आरोपी संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी (44 वर्ष), पिता स्व. अंबिकेश्वर पुरी गोस्वामी, निवासी धनलक्ष्मी नगर, भनपुरी, थाना खमतराई, रायपुर के खिलाफ अपराध क्रमांक 1240/2026 के तहत धारा 302 और 201 भादवि में मामला दर्ज कर 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *