Headlines

Durg Crime : पान ठेले के पास सुसाइड, 4 महिला और पुरुष गिरफ्तार

दुर्ग। जिले के नेवई थाना क्षेत्र में मारपीट और बलवा की घटना के बाद एक व्यक्ति द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी के दो डंडे भी जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 4 नवंबर की रात 10:40 बजे नेवई बस्ती स्थित शिव मंदिर के पास एक पान ठेले के नजदीक हुई थी। मृतक श्रवण मंडावी (54 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 34, दशहरा मैदान नेवई का अपने पड़ोसियों से विवाद हो गया था। आरोपियों ने पान ठेले के पास ग्राहकों को शराब पिलाने का आरोप लगाते हुए उनके साथ डंडे, चप्पल और हाथ-मुक्कों से मारपीट की थी।

बताया गया कि इस घटना से आहत और मानसिक रूप से व्यथित होकर श्रवण मंडावी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उन्हें उपचार के लिए शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद नेवई पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया और विसरा सुरक्षित रखा गया। रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर बाहरी चोटें होने का उल्लेख था।

पुलिस ने मर्ग जांच के दौरान मृतक की पत्नी, परिजनों, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच में मारपीट और बलवा की घटना के साथ पूर्व में भी विवाद होने की जानकारी सामने आई। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 785/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108, 191(2) और 115(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी कर पांचों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  1. आलोक कुमार हुई (52 वर्ष), निवासी खुशी किराना दुकान के पास, नेवई।
  2. सपना हुई (42 वर्ष), निवासी नेवई बस्ती।
  3. पायल (35 वर्ष), निवासी खुशी किराना स्टोर, नेवई बस्ती।
  4. शैलेन्द्री यादव (32 वर्ष), निवासी लक्ष्मी पशु आहार के पास, नेवई।
  5. सरोज बाई यादव (45 वर्ष), निवासी लक्ष्मी पशु आहार के पास, नेवई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *