बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए रुपये मांगने और मना करने पर गुपचुप व्यवसायी के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने व्यवसायी का रास्ता रोककर उससे पैसों की मांग की। इनकार करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के, पत्थर तथा छोटे गैस सिलेंडर से हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी राजकुमार श्रीवास (26 वर्ष), निवासी चांटीडीह, सरकंडा, प्रगति विहार के पास गुपचुप का ठेला लगाता है। 6 नवंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे वह अपना ठेला बंद कर घर लौट रहा था। इसी दौरान मस्ताना मंदिर के पास आरोपी छेदी साहू और उसके साथियों ने उसका रास्ता रोक लिया और शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगे।
राजकुमार ने रुपये देने से मना किया तो आरोपियों ने उसके साथ अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद हाथ-मुक्के, पत्थर और छोटे गैस सिलेंडर से मारपीट की गई। हमले में व्यवसायी के सिर और बाएं कंधे में चोट आई। पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1622/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने छेदी उर्फ दुर्गेश साहू और सौरभ उर्फ गौरव खरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी बड़कू देवांगन के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त छोटा गैस सिलेंडर और पत्थर भी जब्त किया है।
तीसरे आरोपी की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छेदी उर्फ दुर्गेश साहू (21 वर्ष), निवासी लक्ष्मी चौक, सरकंडा और सौरभ उर्फ गौरव खरे (22 वर्ष), निवासी प्रभात चौक, सरकंडा के रूप में हुई है। दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले में फरार तीसरे आरोपी बड़कू देवांगन की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 119(1), 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है।