जांजगीर-चांपा। सूडडू चौक स्थित श्याम प्राविजन स्टोर में बिस्किट खरीदने पहुंचे ग्राहक ने दुकानदार पर विवाद के बाद मारपीट करने का आरोप लगाया है। ग्राहक का कहना है कि फटा हुआ नोट वापस किए जाने का विरोध करने पर दुकानदार ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से हमला किया। इसके बाद कुछ दूर तक पीछा कर हाथ-मुक्के से भी मारपीट की गई।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, रविन्द्र कंसारी बिस्किट खरीदने के लिए श्याम प्राविजन स्टोर पहुंचा था। दुकान पर उस समय दुकानदार बुल्टू यादव मौजूद था। रविन्द्र ने बिस्किट खरीदा और उसके पैसे दिए। आरोप है कि दुकानदार ने उसे वापस फटा हुआ नोट दे दिया।
रविन्द्र के मुताबिक, उसने दुकानदार से कहा कि फटा हुआ नोट बाजार में नहीं चलेगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बुल्टू यादव ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पास में रखी लोहे की रॉड से मारपीट शुरू कर दी।
रविन्द्र ने बताया कि वह किसी तरह वहां से भाग निकला, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद आरोपी उसके पीछे दौड़कर आया और दोबारा हाथ-मुक्के से मारपीट की। घटना में उसके माथे, दोनों हाथों की कोहनी, दाहिनी कमर और दाहिनी भुजा में चोट लगने की बात कही गई है। ग्राहक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में संबंधित लोगों से पूछताछ और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।