रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सिंगापुर दौरे के लिए रवाना होंगे। 6 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित इस यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर होने वाले इस दौरे में वे सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में भी शामिल होंगे।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री साय सिंगापुर के उद्योग जगत, निवेशकों और कारोबारी प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विकास, उपलब्ध संसाधनों और विभिन्न क्षेत्रों में कारोबारी अवसरों पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता और विकास की संभावनाओं को प्रस्तुत करेंगे। विशेष रूप से एमएसएमई, स्टार्टअप और रोजगारपरक क्षेत्रों में निवेश के अवसरों पर फोकस रहेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 5 अक्टूबर को SING फोरम 2026 में शामिल होंगे। इस मंच पर भारत और सिंगापुर के बीच व्यापार, निवेश और कारोबारी सहयोग से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। छत्तीसगढ़ को अपनी विकास संभावनाओं और निवेश अवसरों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने रखने का अवसर मिलेगा। सिंगापुर प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल कौशल विकास, वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास से जुड़े क्षेत्रों में भी संभावित सहयोग पर संवाद करेगा।