रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह आज रायपुर पहुंचेंगे। प्रदेश संगठन की जिम्मेदारी मिलने के बाद राजधानी में उनका यह पहला प्रमुख संगठनात्मक दौरा है। भाजपा ने 24 सितंबर 2026 को कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया था।
कर्मवीर सिंह के रायपुर दौरे को लेकर भाजपा संगठन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उनके आगमन के बाद रविवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह 11 बजे होने वाली बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ सभी जिलाध्यक्ष और संभाग प्रभारी शामिल होंगे। बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। साथ ही आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यक्रमों को लेकर भी विचार-विमर्श किया जा सकता है।
बैठक में निवर्तमान प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय की मौजूदगी भी रहेगी। नई जिम्मेदारी संभालने वाले कर्मवीर सिंह और निवर्तमान संगठन महामंत्री पवन साय की एक साथ मौजूदगी के कारण बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।