डोंगरगढ़। आज शनिवार तड़के डोंगरगढ़-मुरमुंदा रोड पर कार और स्कूटी के बीच जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। टक्कर के बाद भड़की आग में कार और स्कूटी बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के लिए दमकल वाहन को बुलाया गया। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। हादसे के बाद सड़क पर जले हुए वाहनों के अवशेष और क्षतिग्रस्त स्कूटी के हिस्से बिखरे नजर आए।
टक्कर के बाद भड़की आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार और स्कूटी की भिड़ंत के बाद वाहन में स्पार्किंग हुई, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। आग की चपेट में स्कूटी भी आ गई। हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग गोंदिया निवासी थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक परिवार राजनांदगांव से डोंगरगढ़ की ओर आ रहा था और मां बम्लेश्वरी के दर्शन के बाद गोंदिया लौटने की तैयारी में था। फिलहाल कार में कितने लोग सवार थे और हादसे में किसी के घायल होने या अन्य नुकसान की स्थिति क्या रही, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हादसे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।