बिलासपुर। शहर के गांधी चौक स्थित 3ए कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में लाइब्रेरी में हंगामे का मामला सामने आया है। आईबीटी इंस्टीट्यूट के संचालक राहुल पर अलग-अलग लाइब्रेरियों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, अभद्रता, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज सामने आने की भी बात कही जा रही है।
मामले को लेकर लाइब्रेरी संचालकों, कर्मचारियों और छात्रों ने सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी है। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, 30 सितंबर की शाम राहुल शुभ लाइब्रेरी पहुंचा था। यहां एक छात्र के साथ कथित तौर पर अभद्रता करने और उसका कॉलर फाड़ने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शुभ लाइब्रेरी के बाद पूजा लाइब्रेरी और ज्ञान लाइब्रेरी में भी गाली-गलौज और धमकी देने की घटनाएं हुईं। शिकायतकर्ताओं ने छात्रों को कथित तौर पर कट्टा-पिस्तौल लेकर आने की धमकी दिए जाने का भी उल्लेख किया है। घटना की सूचना पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक संबंधित व्यक्ति के वहां से चले जाने की बात सामने आई।
इसके बाद लाइब्रेरी संचालकों, कर्मचारियों और छात्रों ने एकजुट होकर सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस द्वारा शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।