रायगढ़। नशे के खिलाफ रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत जूटमिल पुलिस ने पिछले 48 घंटे में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 5 आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद की। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वाले 5 लोगों के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत के नेतृत्व में की गई।
अलग-अलग इलाकों में पुलिस की दबिश
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को संत विनोबा नगर में कार्रवाई के दौरान स्वपनेन्द्र कुमार दत्ता (53 वर्ष) के कब्जे से 187 पाव शराब और 375 एमएल की 11 बोतल बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत करीब 18,600 रुपये तथा बिक्री रकम 1,200 रुपये बताई गई है।
इसके बाद 2 अक्टूबर को समाधि गली कयाघाट स्थित एक किराना दुकान में दबिश देकर आनंद टण्डन (70 वर्ष) के कब्जे से 24 पाव शराब और 300 रुपये बिक्री रकम बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत करीब 2,260 रुपये बताई गई।
इसी दिन अम्बेडकर नगर डिपापारा में कार्रवाई करते हुए पुरोहित भारद्वाज (40 वर्ष) को 40 पाव रोमियो प्लेन शराब के साथ पकड़ा गया। इसकी कीमत करीब 3,200 रुपये बताई गई है।
वहीं झोपड़ीपारा में घेराबंदी कर खेमनाथ साव (57 वर्ष) को 28 पाव रोमियो मसाला और 7 पाव रोमियो प्लेन, कुल 35 पाव शराब के साथ पकड़ा गया। जब्त शराब की कीमत करीब 3,360 रुपये बताई गई है।
पानी टंकी के पास भी कार्रवाई
फटहामुड़ा पानी टंकी के पास पुलिस ने घनश्याम राजभर (48 वर्ष) के कब्जे से 7 पाव रोमियो प्लेन और 22 पाव शेरा मसाला, कुल 29 पाव शराब बरामद की। पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 59(क) के तहत कार्रवाई की।
सार्वजनिक स्थान पर शराबखोरी करने वालों पर भी कार्रवाई
पुलिस ने कयाघाट मुक्तिधाम के पास सार्वजनिक स्थान पर खुले में शराब का सेवन करते पाए गए विकास बसंत, मोहम्मद रियाज्जुद्दीन, साहेबराम बसंत, मोहम्मद यासिन गनी और नरेन्द्र सोनवरकर के खिलाफ भी कार्रवाई की। सभी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।