Headlines

कर्मवीर सिंह पहुंचे छत्तीसगढ़, जशपुर में भाजपा नेताओं ने किया स्वागत, कल रायपुर में संगठन की बैठक

जशपुर। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह आज शनिवार छत्तीसगढ़ पहुंचे। जशपुर जिले के लोदाम टोल प्लाजा पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान झारखंड के संगठन महामंत्री पवन साय भी मौजूद रहे।

कर्मवीर सिंह को हाल ही में छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पवन साय को झारखंड की संगठनात्मक जिम्मेदारी दी गई है।

रविवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बैठक

जानकारी के मुताबिक कर्मवीर सिंह शनिवार शाम तक रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद रविवार सुबह 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठनात्मक बैठक में शामिल होंगे।

बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ प्रदेश प्रभारी, संभाग प्रभारी और जिलाध्यक्ष शामिल होंगे। संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की जाएगी। निवर्तमान संगठन महामंत्री पवन साय के भी बैठक में मौजूद रहने की जानकारी सामने आई है। कर्मवीर सिंह की छत्तीसगढ़ में नई जिम्मेदारी संभालने के बाद यह रायपुर में पहला प्रमुख संगठनात्मक कार्यक्रम होगा। बैठक के जरिए प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों के साथ उनका संवाद भी होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *