Headlines

Raipur : रेलवे स्टेशन के पास मिला लावारिस बैग, चेक पर दर्ज नंबर से पुलिस ने मालिक को खोजा, सुरक्षित लौटाया सामान

रायपुर। यातायात पुलिस के जवानों ने सतर्कता और ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए रेलवे स्टेशन परिसर के पास मिले लावारिस बैग को उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचा दिया। बैग में मूल दस्तावेज, चेक और अन्य जरूरी सामान रखा हुआ था। पहचान की विधिवत पुष्टि के बाद पुलिस ने सभी सामान सुरक्षित उसके मालिक को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 को रायपुर रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-2 के पास ड्यूटी पर तैनात यातायात थाना फाफाडीह के आरक्षक क्रमांक 2179 कृत साहू और आरक्षक क्रमांक 2735 धनेश्वर निर्मलकर को सड़क किनारे एक लावारिस बैग पड़ा मिला।

पुलिसकर्मियों ने बैग की जांच की तो उसमें कई आवश्यक मूल दस्तावेज, चेक और अन्य जरूरी सामग्री मिली। बैग में रखे चेक पर एक मोबाइल नंबर दर्ज था। पुलिस ने उस नंबर पर संपर्क किया तो पता चला कि बैग बिहार निवासी रविशंकर का है। रविशंकर ने पुलिस को बताया कि रेलवे आरक्षण केंद्र से उनका बैग गुम हो गया था और इसकी सूचना उन्होंने पहले ही जीआरपी थाने में दर्ज करा दी थी।

यातायात पुलिस ने दस्तावेजों और पहचान की विधिवत तस्दीक करने के बाद बैग में रखे सभी मूल दस्तावेज, चेक और अन्य सामग्री सुरक्षित रविशंकर को सौंप दी। खोया हुआ जरूरी सामान वापस मिलने पर रविशंकर ने रायपुर यातायात पुलिस के जवानों का आभार जताया। पुलिस के अनुसार, जवानों ने नियमित ड्यूटी के साथ अतिरिक्त सजगता दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई की, जिससे नागरिक के महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित उसके हाथों तक पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *