Headlines

गुरुकुल में 4 स्टूडेंट्स की मौत, आचार्य ने सफाई के लिए अंडरग्राउंड पानी टैंक में उतारा था

वृंदावन। वृंदा वाटिका कॉलोनी के पाणिनिम संस्कृत गुरुकुलम में मंगलवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। अंडरग्राउंड पानी के टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस या दम घुटने की आशंका के बीच चार छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद गुरुकुल परिसर में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी सीपी सिंह समेत प्रशासन और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी ने मामले की जांच सिटी मजिस्ट्रेट को सौंप दी है।

बताया गया कि मंगलवार शाम गुरुकुल संचालक ने कुछ छात्रों को परिसर में बने अंडरग्राउंड पानी के टैंक की सफाई के लिए लगाया था। टैंक से बदबू आने के कारण पहले बाल्टियों की मदद से पानी बाहर निकाला गया। इसके बाद सफाई के लिए एक छात्र टैंक के अंदर उतरा। टैंक के अंदर पहुंचते ही छात्र अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए एक-एक कर चार अन्य छात्र भी टैंक में उतर गए, लेकिन वे भी अंदर पहुंचते ही बेहोश होकर गिर पड़े। छात्रों के टैंक में बेहोश होने की खबर फैलते ही गुरुकुल में चीख-पुकार मच गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। बचाव अभियान चलाकर सभी अचेत छात्रों को टैंक से बाहर निकाला गया और अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद चार छात्रों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक छात्र का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान मनु कटारे (24), निवासी जबलपुर; देवेश शर्मा (17), निवासी विदिशा; आर्यन (18), निवासी कौशांबी और विशू (18), निवासी मेरठ के रूप में हुई है। वहीं रुद्राक्ष की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि गुरुकुल परिसर में पानी के भंडारण के लिए करीब 12 फीट गहरा अंडरग्राउंड टैंक बना हुआ है। काफी समय से इसकी सफाई नहीं होने की बात सामने आई है। मंगलवार रात पानी का स्तर कम होने के बाद छात्रों को टैंक की सफाई के लिए अंदर उतारा गया था। इसी दौरान एक के बाद एक छात्र बेहोश होते चले गए।

पाणिनिम संस्कृत गुरुकुलम में अलग-अलग राज्यों से आए करीब 120 छात्र संस्कृत भाषा और कर्मकांड का अध्ययन करते हैं। हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों की उम्र करीब 17 से 24 वर्ष के बीच बताई गई है। फिलहाल प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि टैंक के अंदर छात्रों के बेहोश होने और मौत की वास्तविक वजह क्या थी तथा सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *