Headlines

15 हजार के लेनदेन को लेकर छात्र की हत्या, दोस्तों ने नाले में फेंका शव

प्रयागराज। प्रयागराज में महज 15 हजार रुपये के लेनदेन के विवाद में इंटरमीडिएट के छात्र की उसके ही दोस्तों ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को हवेलिया नाले में फेंक दिया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार आरोपी की तलाश जारी है। मृतक की पहचान शांतनु दुबे (17) के रूप में हुई है। वह पुरानी झूंसी कोहना निवासी तीर्थ पुरोहित दीपक दुबे का पुत्र था।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात करीब 9:15 बजे शांतनु के दोस्त उज्ज्वल सेनगुप्ता का फोन आया था। फोन आने के बाद शांतनु स्कूटी लेकर घर से निकल गया। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। उसका मोबाइल फोन भी बंद था, जिसके बाद परिवार की चिंता बढ़ गई। मंगलवार सुबह हवेलिया नाले में शांतनु का शव मिलने की सूचना मिली। खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर डीसीपी नगर सागर जैन और एसीपी झूंसी अरुण पराशर पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे करीब तीन महीने से चल रहा 15 हजार रुपये के लेनदेन का विवाद सामने आया है। पुलिस के अनुसार, शांतनु ने अपने पिता से रुपये मांगकर उज्ज्वल सेनगुप्ता को 15 हजार रुपये उधार दिए थे। आरोप है कि उज्ज्वल रकम वापस नहीं कर रहा था। जब शांतनु ने अपने रुपये वापस मांगने शुरू किए तो दोनों के बीच विवाद होने लगा। बताया जा रहा है कि करीब ढाई महीने पहले इसी विवाद को लेकर उज्ज्वल ने शांतनु के पिता दीपक दुबे के साथ भी मारपीट की थी।

पुलिस के अनुसार, सोमवार रात उज्ज्वल ने शांतनु को फोन कर बुलाया था। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ उसके साथ मिला। आरोप है कि वहां शांतनु के साथ मारपीट की गई और फिर चाकू से हमला कर दिया गया। पुलिस की पूछताछ में सामने आए तथ्यों के अनुसार, आरोपियों का कथित तौर पर शांतनु को धमकाने और मारपीट करने का इरादा था, लेकिन विवाद बढ़ने पर उस पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर चोट लगने से शांतनु की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी शव को नाले में फेंककर फरार हो गए।

घटनास्थल पर मिले खून के निशान और कटा अंगूठा

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के छींटे और शांतनु का कटा हुआ अंगूठा बरामद किया है। आशंका जताई जा रही है कि हमले के दौरान शांतनु ने खुद को बचाने की कोशिश की होगी और इसी दौरान चाकू लगने से उसका अंगूठा कट गया।पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की भी तलाश की जा रही है।

चार आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

परिजनों की तहरीर पर झूंसी पुलिस ने उज्ज्वल सेनगुप्ता, यश गुप्ता, दिव्यांश निषाद, छोटू पासी, छोटू यादव उर्फ अंडा और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी छोटू पासी की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी उज्ज्वल सेनगुप्ता के नशे का आदी होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब हत्या की पूरी परिस्थितियों, आरोपियों की भूमिका और घटना में इस्तेमाल हथियार के संबंध में पूछताछ कर रही है। मंगलवार शाम पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शांतनु का शव परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *