बालोद। जिले के सनौद थाना क्षेत्र के ग्राम डोटोपार निवासी 44 वर्षीय नंदकुमार यादव के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों द्वारा आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश किए जाने के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। सनौद पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, डोटोपार निवासी लता बाई यादव ने 6 अक्टूबर 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 18 सितंबर को उनके पति नंदकुमार यादव उन्हें मायके ग्राम बटरेल छोड़ने गए थे। इसके बाद वे वापस अपने घर ग्राम डोटोपार लौट आए थे, जहां उनका बेटा मानस यादव भी उनके साथ रहता था।
लता बाई के मुताबिक, वह 20 सितंबर को मायके से वापस घर पहुंचीं। इस दौरान बेटे मानस ने बताया कि 19 सितंबर की रात करीब 7:30 बजे उनके पिता नंदकुमार यादव घर से कहीं चले गए थे और उसके बाद वापस नहीं लौटे।
परिजनों ने नंदकुमार की आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। लापता व्यक्ति की पहचान के संबंध में पुलिस ने बताया कि नंदकुमार यादव के बाएं हाथ पर हनुमान जी का गोदना बना हुआ है, जबकि दाहिने हाथ पर ‘प्रेमलता’ लिखा हुआ है। सनौद पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर गुम इंसान क्रमांक 30/2026 कायम कर लिया है और लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही है।