रायपुर में यूनियन बैंक में सेंधमारी की कोशिश, ताले तोड़कर घुसे बदमाश, कैश लॉकर तोड़ने में नाकाम

रायपुर। आमानाका थाना क्षेत्र के चंदनडीह टाटीबंध स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में अज्ञात बदमाशों ने रात के समय सेंधमारी की कोशिश की। आरोपी बैंक के ताले तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास करते हुए चेकबुक ड्रॉप बॉक्स, टेबल की दराज, कंप्यूटर मॉनिटर और कैश वॉल्ट/स्ट्रांग रूम के लॉक को क्षतिग्रस्त कर गए। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शाखा प्रबंधक गणेश मिश्रा ने आमानाका थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, 5 अक्टूबर 2026 को शाखा का दैनिक काम पूरा करने के बाद शाम करीब 7 बजे बैंक बंद कर दिया गया था। इसके बाद 6 अक्टूबर की सुबह करीब 9:30 बजे बैंक कर्मचारी दानिश खान शाखा खोलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शाखा प्रमुख के केबिन के प्रवेश द्वार पर लगे ताले टूटे हुए और शटर क्षतिग्रस्त हालत में देखा।

कर्मचारी ने तत्काल इसकी जानकारी शाखा प्रबंधक को दी। सूचना मिलने पर शाखा प्रबंधक मौके पर पहुंचे और बैंक का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने रात के दौरान ताला तोड़कर बैंक में प्रवेश करने की कोशिश की। खिड़की का कांच भी टूटा हुआ मिला।

बैंक के अंदर चेकबुक ड्रॉप बॉक्स और टेबल की दराज क्षतिग्रस्त एवं खुली हुई मिली। इसके अलावा कंप्यूटर स्क्रीन/मॉनिटर को भी नुकसान पहुंचाया गया था। बदमाशों ने बैंक के कैश वॉल्ट/स्ट्रांग रूम के लॉक को भी क्षतिग्रस्त कर उसे खोलने का प्रयास किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *