धमतरी में डायल 112 के आरक्षक ने कंट्रोल रूम में किया सुसाइड

धमतरी। जिले में डायल 112 में पदस्थ आरक्षक की आत्महत्या का मामला सामने आया है। रुद्री थाना क्षेत्र के डायल 112 कंट्रोल रूम में आरक्षक ओमप्रकाश सोनवानी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, कुरूद निवासी ओमप्रकाश सोनवानी डायल 112 में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे। बीती रात उनकी ड्यूटी कंट्रोल रूम में थी। नाइट ड्यूटी के दौरान उन्होंने कथित तौर पर कंट्रोल रूम में ही फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

फिलहाल आरक्षक द्वारा यह कदम उठाए जाने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले उनकी किसी से बातचीत हुई थी या नहीं और क्या वे किसी तरह के तनाव में थे।

पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों और सहकर्मियों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *